
रमज़ान के दूसरे जुमे पर मुस्लिम भाईयों को दी मुबारकबाद, अमन और भाईचारे का दिया पैग़ाम
शामली जनपद के वार्ड 15 से जिला पंचायत चुनाव लड़ेंगे RLD के युवा नेता राजन चावला, बोले “रमज़ान का महीना हमें इंसानियत, सब्र और मोहब्बत का सबक देता है।”
सादिक सिद्दीक़ी .
कांधला। थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सुन्ना गांव में शुक्रवार को माहे रमज़ान का दूसरा जुम्मा पूरे अकीदत और रूहानियत के माहौल में अदा किया गया। मस्जिदों में सुबह से ही नमाज़ियों की लंबी कतारें लगी रहीं। इसी मौके पर राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के युवा नेता राजन चावला, जो शामली जनपद के वार्ड 15 से जिला पंचायत चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं, विशेष रूप से गांव की मस्जिद पहुंचे।राजन चावला ने मुस्लिम भाईयों से मुलाकात कर रमज़ान के पाक महीने की मुबारकबाद दी और अमन व सौहार्द का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि “रमज़ान का महीना रहमतों, बरकतों और इंसानियत का महीना है। यह महीना हमें सब्र, इबादत और नेक राह पर चलने की प्रेरणा देता है।”
उन्होंने आगे कहा कि “आज देश को सबसे ज़्यादा ज़रूरत आपसी मोहब्बत, भाईचारे और एकता की है। हर धर्म हमें भलाई और इंसानियत की सीख देता है।”
राजन चावला ने मस्जिद में मौजूद अकीदतमंदों, बुज़ुर्गों और युवाओं से बातचीत की तथा समाज में अमन और विकास के लिए मिलजुलकर काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वे राजनीति को सेवा का माध्यम मानते हैं और जनता के साथ खड़े रहना ही उनकी प्राथमिकता है। मस्जिद के इमाम साहब ने राजन चावला का स्वागत करते हुए कहा कि उनके आने से गांव में भाईचारे और एकता का संदेश गया है। गांव के लोगों ने भी राजन चावला की इस पहल की सराहना की। मस्जिद में नमाज़ अदा करने के बाद नमाज़ियों ने मुल्क और कौम की सलामती व तरक्की के लिए दुआएं मांगीं।
पूरे गांव में जुमे के दिन का माहौल रूहानियत, अमन और मोहब्बत से भरा रहा।