
भव्य किसान सभा में सरकार के खिलाफ गरजे किसान नेता डाल्लेवाल, एमएसपी कानून और अमेरिका समझौते पर बोले “किसानों से किया वादा निभाए सरकार”
सादिक सिद्दीक़ी

कांधला। क्षेत्र के सलेमपुर मार्ग स्थित हमजा कॉलोनी में भारतीय किसान यूनियन (आजाद गुट) द्वारा एक विशाल किसान सभा का आयोजन किया गया। सभा में केंद्र सरकार द्वारा अमेरिका के साथ किए गए समझौते को रद्द करने, एमएसपी पर कानून बनाने, बिजली विभाग की मनमानी, और क्षेत्र में फैलते नशे के खिलाफ किसानों ने जोरदार आवाज बुलंद की।सभा में मुख्य अतिथि किसान नेता जगजीत सिंह डाल्लेवाल का कार्यकर्ताओं ने फूलमालाओं व ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया। उन्होंने कहा कि “सरकार द्वारा अमेरिका से किया गया समझौता पूरी तरह किसान विरोधी है।”डाल्लेवाल ने कहा कि सरकार ने एमएसपी पर कानून बनाने का वादा किया था, लेकिन अब तक उस पर अमल नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि “जो भी व्यक्ति सरकार के खिलाफ आवाज उठाता है, उसे देशद्रोही या विदेशी फंडिंग से जुड़ा बताकर बदनाम किया जाता है।” उन्होंने किसानों से एकजुटता की अपील करते हुए कहा कि “यदि किसान संगठित हो जाएं तो कोई भी लड़ाई जीती जा सकती है।”सभा में संचालन कर रहे नितिन बालियान ने बिजली विभाग की छापेमारी पर सख्त नाराजगी जताते हुए कहा कि “रात के समय की छापेमारी तत्काल बंद की जाए, अन्यथा संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा।” उन्होंने चेतावनी दी कि “यदि उत्पीड़न नहीं रुका, तो बिजली कर्मियों को बंधक बनाया जाएगा।”साथ ही उन्होंने नगर और क्षेत्र में बढ़ रहे नशे पर चिंता जताई और लोगों से अपील की कि “नशा बेचने वालों की सूचना प्रशासन को दें, यदि कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन आंदोलन करेगा।”

इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष शाहरुख जंग, सुशांत राठी, अंकित चौहान, रिजवान अंसारी, शादाब चौधरी, तेलंगाना के किसान नेता पी.आर. पांडे, रविंद्र त्यागी, अनिल तालन, सर छोटू राम, मेहराज राव, इकरार तोमर, बाबा यासीन, रेनू चौधरी, गीता कश्यप, संगीता चौधरी, सोनिया तोमर समेत सैकड़ों किसान व क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।