
अंडरग्राउंड बिजली लाइन बिछाने के दौरान टूटी पेयजल पाइपलाइन, दो दर्जन से अधिक घरों में जलापूर्ति ठप
कांधला कस्बे के बिजलीघर मार्ग पर अंडरग्राउंड बिजली लाइन बिछाने के दौरान पेयजल पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे बिजलीघर मार्ग स्थित दो दर्जन से अधिक घरों में पानी की आपूर्ति पूरी तरह से ठप हो गई है।जानकारी के अनुसार, बिजली विभाग द्वारा 33 केवी की अंडरग्राउंड लाइन बिछाने के कार्य के दौरान जेसीबी मशीन से खुदाई की जा रही थी, तभी सड़क के नीचे बिछी पेयजल पाइपलाइन टूट गई। पाइपलाइन फटने से सड़क पर पानी भर गया और आसपास के घरों में जलापूर्ति बाधित हो गई।
स्थानीय निवासी उमेद अली ने बताया कि खुदाई का कार्य बिना किसी पूर्व सूचना के शुरू कर दिया गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने फारूक नदीम सहित अन्य लोगों के साथ मिलकर विभाग से जल्द से जल्द पाइपलाइन की मरम्मत कर जलापूर्ति बहाल करने की मांग की है।नगर पालिका के लिपिक अकरम अंसारी ने बताया कि सड़क खुदाई की कोई पूर्व सूचना नगरपालिका को नहीं दी गई थी। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षतिग्रस्त पाइपलाइन को शीघ्र ठीक कराया जाएगा। इस मामले की जानकारी पालिका अध्यक्ष और संबंधित अधिकारी को दे दी गई है।