अतिक्रमण पर चला पुलिस का डंडा मची भगदड़, राहत के बाद फिर सख्ती के संकेत!

 

* थाना प्रभारी सतीश कुमार बोले दोबारा कब्जा किया तो होगी कड़ी कानूनी कार्रवाई

*

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला कस्बे में शनिवार की सुबह पुलिस प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर एक बार फिर बड़ा संदेश दिया कि सड़कें और सार्वजनिक स्थान जनता के लिए हैं, न कि कब्जे के लिए।

दिल्ली बस स्टैंड पर रोजाना लगने वाले ठेले, रेहड़ियाँ और अवैध दुकानों से न केवल ट्रैफिक जाम की समस्या बनी रहती थी बल्कि यात्रियों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। इस स्थिति को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सुबह-सुबह मोर्चा संभाला।

*अचानक एक्शन, मचा हड़कंप*

जैसे ही पुलिस की जीप बस स्टैंड पर पहुँची, इलाके में हलचल मच गई। पुलिस ने चेतावनी दी कि “सड़क पर कब्जा हटाओ, वरना कार्रवाई होगी।”

यह सुनते ही ठेलेवाले अपने ठेले समेटने लगे। कुछ ने जल्दी-जल्दी सामान समेटा, तो कई अपनी ठेलियाँ वहीं छोड़कर भाग निकले। कुछ ही मिनटों में बस स्टैंड खाली हो गया। पुलिस की मौजूदगी में सड़कें खुली और साफ़ नजर आने लगीं।

*लोगों ने ली राहत की सांस*

स्थानीय लोगों ने पुलिस कार्रवाई का स्वागत किया। एक दुकानदार ने कहा“हर दिन बस स्टैंड पर इतना जाम रहता था कि निकलना मुश्किल हो जाता था। पुलिस की कार्रवाई से थोड़ी राहत मिली है।”

महिलाओं और यात्रियों ने भी अभियान की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान नियमित रूप से होने चाहिए, ताकि आम जनता को स्थायी राहत मिल सके।

*थाना प्रभारी का सख्त संदेश*

थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया “अतिक्रमण करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। बार-बार चेतावनी देने के बावजूद कब्जा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

उन्होंने यह भी कहा कि प्रशासन की कोशिश है कि बस स्टैंड और मुख्य मार्गों पर स्थायी व्यवस्था बनाई जाए, जिससे दुकानदारों और जनता दोनों को दिक्कत न हो। आगे भी जारी रहेगा अभियान पुलिस सूत्रों के अनुसार, आने वाले दिनों में नगर क्षेत्र के अन्य प्रमुख बाजारों और मार्गों पर भी अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा।

पुलिस का कहना है कि यह केवल एक दिन की कार्रवाई नहीं है, बल्कि एक लगातार चलने वाला अभियान है, ताकि कांधला की सड़कों पर यातायात सुचारू बना रहे और कस्बे की छवि सुधरे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!