
अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दंपति घायल, पति की हालत गंभीर
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला।कस्बे के दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर शुक्रवार को हुए सड़क हादसे में एक अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा द गोल्ड पब्लिक स्कूल के पास हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा घायलों को कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार, शामली जनपद के बनत निवासी अजीत अपनी पत्नी ममता के साथ बागपत के छपरौली स्थित रिश्तेदारी से लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक स्कूल के पास पहुंची, तभी एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को एंबुलेंस से कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद ममता को हालत सामान्य होने पर छुट्टी दे दी, जबकि अजीत को सिर में गंभीर चोट लगने के कारण जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
कांधला के सरकारी डॉक्टर रवि ने बताया कि बेहतर इलाज के लिए अजीत को जिला अस्पताल भेजा गया है। वहीं, कांधला थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है और मामले की जांच की जा रही है।