पिकअप की टक्कर से बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल

सफीक सिद्दीक़ी

कांधला कस्बे को बुढ़ाना मार्ग से जोड़ने वाली सड़क पर देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। एक अज्ञात पिकअप वाहन ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।मिली जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरनगर जनपद के शाहपुर क्षेत्र के गांव करेरवा निवासी असलम पुत्र बाबर अली अपनी बाइक से कांधला से अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे बुढ़ाना मार्ग पर पहुंचे, सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि असलम सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों ने तत्काल घटना की सूचना कांधला पुलिस और 108 एंबुलेंस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस और एंबुलेंस ने घायल असलम को कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।
डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद असलम की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
कांधला थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि अभी तक पीड़ित पक्ष की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, लेकिन पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!