देवर-भाभी में विवाद के बाद महिला ने किया आत्मदाह का प्रयास, पुलिस ने बचाई जान

 

सादिक सिद्दीकी,

कांधला।थाना क्षेत्र के गांव सुन्ना में मकान के बंटवारे को लेकर देवर और भाभी के बीच तीखा विवाद हो गया। मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते झगड़े का रूप ले लिया, जिसके बाद हालात इतने बिगड़ गए कि महिला ने अपने कमरे में बंद होकर आत्मदाह करने का प्रयास कर डाला।

सूचना मिलते ही कांधला पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने दरवाजा तोड़कर महिला को सुरक्षित बाहर निकाला और उसकी जान बचाई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी देवर को मौके से हिरासत में ले लिया और शुक्रवार को कानूनी कार्रवाई करते हुए चालान कर दिया।

जानकारी के अनुसार, हरियाणा निवासी ममता ने करीब तीन वर्ष पूर्व गांव सुन्ना निवासी योगेंद्र से प्रेम विवाह किया था। कुछ समय पहले बीमारी के चलते योगेंद्र की मौत हो गई थी। पति की मृत्यु के बाद ममता अपने देवर मुकेश से मकान में अपने हिस्से की मांग कर रही थी।

बताया जा रहा है कि गुरुवार देर रात इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हुई जो मारपीट में बदल गई। विवाद से आहत होकर ममता ने अपने कमरे में जाकर खुद को आग के हवाले करने की कोशिश की। लेकिन परिजनों और ग्रामीणों की सूझबूझ से तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि “मकान बंटवारे को लेकर देवर-भाभी में विवाद हुआ था। महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर चालान कर दिया गया है।”

ग्रामीणों के अनुसार, यदि पुलिस समय पर न पहुंचती तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!