
फिर मिला नवजात भ्रूण! कस्बे में सनसनी, लोगों में आक्रोश
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला कस्बे के मोहल्ला खैल में गुरुवार सुबह नाले की पटरी पर नवजात का भ्रूण मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। राहगीरों ने जब यह दृश्य देखा तो दंग रह गए। देखते ही देखते मौके पर आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि किसी अज्ञात महिला ने भ्रूण को नाले की पटरी पर फेंक दिया। स्थानीय लोगों में चर्चा है कि किसी अविवाहित युवती ने गर्भपात कराकर भ्रूण को यहां फेंका है। घटना की जानकारी मिलते ही मोहल्ले में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
मोहल्लेवासियों ने मानवीयता दिखाते हुए नवजात के भ्रूण को दफनाया। वहीं, थाना प्रभारी ने घटना की जानकारी से इंकार किया है।
गौरतलब है कि इसी तरह की घटना पिछले महीने भी सामने आई थी, जब पूर्वी यमुना नहर पटरी पर एक नवजात का भ्रूण मिला था। लगातार इस तरह की घटनाओं से लोगों में रोष और चिंता का माहौल है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए ताकि कोई भी इस तरह का अमानवीय कृत्य करने से पहले सौ बार सोचे।