दिल्ली-सहारनपुर रोड पर भीषण हादसा: बाइक सवार की मौत, साथी गंभीर घायल

 

सादिक सिद्दीक़ी

कांधला कस्बे केदिल्ली-सहारनपुर रोड पर स्थित किवाना मोड़ के पास बुधवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक गौरव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी राजू उर्फ टाइगर गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, सहारनपुर जिले के गंगोह थाना क्षेत्र के गांव बुढ़ा खेड़ा निवासी गौरव अपने साथी राजू के साथ बाइक से कांधला आया था। देर शाम दोनों वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान किवाना मोड़ के नजदीक सामने से आ रहे गन्ने से भरे ट्रक को देखकर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में दोनों युवक सड़क पर दूर तक घिसटते चले गए।

हादसे में गौरव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजू को गंभीर हालत में कस्बे के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिससे हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलने पर पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

कांधला थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि सड़क हादसे के बाद फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!