
विराट हिंदू सम्मेलन में उमड़ा जनसैलाब! संघ के 100 वर्ष पूर्ण होने पर गूंजा संदेश
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की स्थापना के गौरवशाली 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विराट हिंदू सम्मेलन आयोजन समिति द्वारा नगर के मौहल्ला सरावज्ञान स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के नवीन भवन परिसर में भव्य विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में पहुंचे मुख्य अतिथियों ने हिन्दू समाज से एकजुट रहने और अपनी संस्कृति को सहेजने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि “जब तक हिंदू समाज संगठित रहेगा, तब तक भारत सशक्त रहेगा, अन्यथा पुनः गुलामी का दौर लौट आएगा।”

कार्यक्रम की शुरुआत गार्गी कन्या वैदिक गुरुकुल की छात्राओं द्वारा वेदपाठ और यज्ञ से हुई। इसके बाद नगरवासियों ने मुख्य अतिथियों का पारंपरिक स्वागत करते हुए स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
मुख्य वक्ताओं के विचार
प्रमोद जी (विभाग कार्यवाह, लक्ष्मीनगर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, मेरठ प्रांत) ने कहा कि हिंदू समाज की एकता ही भारत की सबसे बड़ी शक्ति है। जब समाज संगठित रहा, तब देश उन्नति की राह पर चला और जब समाज में बिखराव आया, तब विदेशी ताकतों ने शासन किया।
सुंदर लाल (प्रांत संगठन मंत्री, भारतीय किसान संघ, पंजाब) ने कहा कि सशक्त परिवार ही सशक्त समाज की नींव है। यह सम्मेलन कोई साधारण सभा नहीं, बल्कि सनातन चेतना की जागृति और एकता का उद्घोष है।
स्वामी विज्ञानानंद सरस्वती जी (अखिल भारतीय संत समिति, हरियाणा) ने भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश देते हुए कहा कि “सनातन रहेगा तो धर्म रहेगा, मठ-मंदिर भी सुरक्षित रहेंगे।”
आचार्या शिवानी (गार्गी वैदिक कन्या गुरुकुल) ने कहा कि आज विश्व स्तर पर हिंदू समाज संगठित हो रहा है। भारत पुनः विश्वगुरु बनने की दिशा में अग्रसर है और अब समाज गर्व के साथ अपनी पहचान स्थापित कर रहा है।
सम्मेलन में नगर व क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, महिलाएँ, युवा और संत समाज बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
सांस्कृतिक रंग में रंगा सम्मेलन
कार्यक्रम में संत गोरखनाथ चिल्ड्रन एकेडमी और आर्य बाल विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों व नृत्यों ने समा बाँध दिया। गौरांगी धीमान द्वारा नृत्य और तनुश्री धीमान के काव्य पाठ ने सभी का मन मोह लिया।
समापन अवसर पर भारत माता की भव्य आरती संपन्न हुई और उसके बाद उपस्थित जनों ने सहभोज में सहभागिता कर सामाजिक समरसता का परिचय दिया।
कार्यक्रम संयोजन में सहयोगी रहे:
तरुण अग्रवाल, कुण्शाक चौहान, लोकेश गोयल, रवि जैन, गुणपाल जैन, नीरज गुप्ता, ईश्वर दयाल कंसल, सतबीर मा., बिट्टू सैनी, डॉ. रणबीर सिंह, अंकित सैनी, दीपक नामदेव, सिद्धार्थ पाराशर, जितेन्द्र सैनी, सौम्य स्वरूप, देवीचंद बिरला, रवि नामदेव, संजीव अडवाणी आदि। संचालन गुलशन खन्ना ने किया।
विराट हिंदू सम्मेलन ने कांधला क्षेत्र में सांस्कृतिक चेतना, सामाजिक संगठन और राष्ट्रभावना को नई ऊर्जा प्रदान की।