अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली दुकान में घुसी, शीशे-शटर चकनाचूर गनीमत रही कि टला बड़ा हादसा

 

सादिक सिद्दीक़ी

कांधला कस्बे की छोटी नहर के पास एक बड़ा हादसा होने से टल गया। अचानक अनियंत्रित हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे स्थित दुकान में जा घुसी, जिससे दुकान के शीशे और शटर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। गनीमत यह रही कि हादसे के समय कोई भी व्यक्ति दुकान के अंदर या आसपास मौजूद नहीं था, वरना बड़ी जनहानि हो सकती थी।

जानकारी के अनुसार, बंदवाड़ा निवासी सोनू नामक युवक अपनी ट्रैक्टर-ट्रॉली में कपड़ों के टुकड़े भरकर पानीपत से मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना जा रहा था। छोटी नहर के पास पहुंचते ही अचानक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित हो गई और विजय नामक व्यक्ति की कपड़ों की दुकान में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दुकान के शीशे और शटर पूरी तरह टूटकर बिखर गए।

दुकान मालिक विजय ने बताया कि हादसे से उनकी दुकान को भारी नुकसान हुआ है, लेकिन किसी के घायल न होने से वह खुद को भाग्यशाली मान रहे हैं। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके पर ही रुक गया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता कर लिया गया।

कांधला थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि हादसे में कोई घायल नहीं हुआ है। दोनों पक्षों ने मामले में किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई से इंकार कर दिया है।

कांधला में अनियंत्रित वाहनों से बढ़ रहा खतरा, प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग

स्थानीय लोगों ने बताया कि छोटी नहर के पास आए दिन वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने ढाबों और दुकानों में घुस जाते हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर स्पीड ब्रेकर और चेतावनी संकेत लगाए जाएं ताकि भविष्य में ऐसे हादसे न हों।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!