
पड़ोसी पर मारपीट और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी का आरोप! पीड़ित ने दी तहरीर
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला कस्बे में एक व्यक्ति ने अपने पड़ोसी पर मारपीट करने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने इस संबंध में पुलिस को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। मोहल्ला बिजली घर मार्ग निवासी फुरकान पुत्र मांगा ने बताया कि करीब सात माह पहले उसने अपने पड़ोसी युवक को लगभग 70 हजार रुपये के कपड़े उधार दिए थे। जब उसने अपने रुपये मांगने के लिए पड़ोसी के घर पहुंचा, तो वहां उसके साथ मारपीट की गई।
फुरकान का आरोप है कि रुपये मांगने पर पड़ोसी ने न केवल हमला किया बल्कि उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी। इस घटना से आहत होकर पीड़ित थाने पहुंचा और दो लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी।
इस संबंध में कांधला थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।