ट्रांसफार्मर चोरी से हड़कंप किसानों की फसलें सिंचाई के बिना सूखने की कगार पर!

 

सादिक सिद्दीक़ी

कांधला थाना क्षेत्र के गांव एलम में एक किसान के खेत से दो विद्युत ट्रांसफार्मर चोरी हो गए। अज्ञात चोरों ने 100 केवीए और 63 केवीए क्षमता वाले इन ट्रांसफार्मरों को क्षतिग्रस्त कर उनमें से कॉपर व तेल निकाल लिया। इस चोरी की वारदात के बाद पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है, जिससे किसानों में भारी रोष है।

किसान चंद्रवीर पुत्र सुखपाल जब अपने खेत पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि दोनों ट्रांसफार्मर टूटे पड़े हैं और उनमें से कॉपर व तेल पूरी तरह गायब है। सूचना मिलते ही विद्युत विभाग में हड़कंप मच गया।

उपखंड अधिकारी आशीष श्रीवास्तव ने घटना की जानकारी पुलिस को दी और अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।

इस ट्रांसफार्मर चोरी की घटना से क्षेत्र के किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसान हिमांशु शेखर ने बताया कि बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण गेहूं की फसल की सिंचाई नहीं हो पा रही, जिससे फसल के खराब होने की आशंका बढ़ गई है।

थाना कांधला प्रभारी (कार्यवाहक) राजीव कुमार ने बताया कि ट्रांसफार्मर चोरी की तहरीर मिल चुकी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एक पुलिस टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बहाल करने और किसानों की परेशानी दूर करने की मांग तेज हो गई है।

error: Content is protected !!