
अवैध चाकू के साथ युवक गिरफ्तार, अपराधियों में मचा हड़कंप
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला पुलिस ने देर रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध चाकू के साथ एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से अपराधियों में हड़कंप मच गया है।
गिरफ्तार युवक की पहचान जनपद बागपत के ग्राम असरफाबाद निवासी गुलाब पुत्र इलियास के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक शामली नरेंद्र प्रताप सिंह के आदेश पर 05 फरवरी 2026 की रात संदिग्ध व्यक्ति व वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान कांधला नाले के पास पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली, जिसमें अवैध चाकू बरामद हुआ।
थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि आरोपी अवैध चाकू लेकर घूम रहा था, जिसे पुलिस ने मौके पर ही दबोच लिया। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि अपराध और असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। “कांधला पुलिस का संदेश साफ है कानून तोड़ने वालों के लिए कोई राहत नहीं!”