
बढ़ती ठंड से बढ़ी बीमारियों की रफ्तार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर मरीजों की लगी भीड़
कांधला क्षेत्र में बढ़ती ठंड का असर अब लोगों के स्वास्थ्य पर साफ नजर आने लगा है। कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। अस्पताल में सबसे अधिक बुजुर्ग, बच्चे और महिलाएं बीमारियों से ग्रस्त होकर इलाज के लिए पहुंच रही हैं।
अस्पताल में तैनात डॉक्टर जितेश कुमार ने बताया कि ठंड बढ़ने के कारण बुजुर्ग, बच्चे और महिलाएं अधिक प्रभावित हो रही हैं। मरीजों में खांसी, जुकाम, नजला (सर्दी) और बुखार जैसी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आ रही हैं।डॉक्टरों द्वारा सभी मरीजों की नियमित जांच और उपचार किया जा रहा है। जरूरतमंद मरीजों को आवश्यक दवाइयां भी उपलब्ध कराई जा रही हैं। वहीं, स्वास्थ्य केंद्र की टीम द्वारा लोगों को ठंड से बचाव के लिए सतर्क रहने, गर्म कपड़े पहनने और विशेष रूप से बच्चों व बुजुर्गों की देखभाल करने की सलाह दी जा रही है।अस्पताल परिसर में सुबह से ही बड़ी संख्या में मरीजों की भीड़ देखी जा रही है, जिससे यह स्पष्ट है कि ठंड के बढ़ते प्रकोप ने लोगों की सेहत पर गहरा असर डालना शुरू कर दिया है।