
पुलिस का सख्त ऐलान बिना हेलमेट पेट्रोल नहीं, ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर अब नहीं होगी कोई ढिलाई! पुलिस प्रशासन ने ट्रैफिक माह के तहत कड़ी कार्रवाई की चेतावनी देते हुए जनजागरूकता अभियान शुरू किया।
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला थाना परिसर में शनिवार को पुलिस प्रशासन ने ट्रैफिक माह के तहत कड़ी कार्रवाई की चेतावनी देते हुए जनजागरूकता अभियान शुरू किया। पुलिस अधीक्षक शामली नरेंद्र प्रताप सिंह के आदेश पर सीओ कैराना हेमंत कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में यातायात नियमों को लेकर सख्ती के स्पष्ट निर्देश दिए गए।सीओ हेमंत कुमार ने दो टूक शब्दों में कहा कि अब सड़क हादसों में कमी लाने और लोगों की जान बचाने के लिए पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में है। यातायात नियमों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि बिना हेलमेट बाइक चलाने वालों को पेट्रोल नहीं दिया जाएगा, और नियम तोड़ने वालों पर तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।बैठक में पुलिस अधिकारियों ने क्षेत्र के वाहन चालकों, युवाओं और आम नागरिकों को यातायात नियमों की विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान जागरूकता कार्ड भी वितरित किए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यदि किसी ने इन कार्डों का दुरुपयोग किया तो उसके खिलाफ कठोर विभागीय व कानूनी कार्यवाही की जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की होगी सीओ कैराना हेमंत कुमार ने कहा कि यह अभियान जनपद में बढ़ रहे सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और जनता को सुरक्षित यातायात की दिशा में जागरूक करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। उन्होंने आमजन से अपील की कि सभी नागरिक यातायात नियमों का पालन करें और सड़क सुरक्षा में पुलिस का सहयोग करें।पुलिस अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि बिना सीट बेल्ट गाड़ी चलाने, ओवरस्पीडिंग, गलत साइड ड्राइविंग और मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने वालों पर अब तत्काल चालान और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

*सीओ हेमंत कुमार ने कहा* “पुलिस का उद्देश्य जनता को परेशान करना नहीं, बल्कि लोगों की जान बचाना है। यदि सभी नागरिक ट्रैफिक नियमों का पालन करेंगे, तो सड़क हादसे कम होंगे और कई अनमोल जिंदगियां बचाई जा सकेंगी।”
उन्होंने आगे कहा कि कांधला पुलिस अब सड़क सुरक्षा के मिशन पर है। थाना स्तर पर लगातार चेकिंग अभियान चलाए जा रहे हैं, और जो भी व्यक्ति नियम तोड़ता पाया जाएगा, उस पर किसी भी तरह की नरमी नहीं बरती जाएगी।पुलिस प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे स्वयं सुरक्षित रहें, दूसरों को भी सुरक्षा के लिए जागरूक करें और “पहले सुरक्षा, फिर यात्रा” के संदेश को जीवन में अपनाएं