IMG-20251123-WA0034

 

कैराना। सास से हुए विवाद के चलते आत्महत्या करने का प्रयास कर रही एक महिला को पुलिसकर्मियों ने समय रहते बचाकर उसकी जान बचा ली। यमुना ब्रिज चौकी पर मौजूद हेड कांस्टेबल पंकज कुमार और कांस्टेबल रामकुमार ने अपनी सूझ-बूझ और तत्परता से महिला को यमुना नदी में कूदने से रोक लिया और सुरक्षित उसके परिजनों को सौंप दिया।

रविवार शाम करीब साढ़े चार बजे जब दोनों पुलिसकर्मी चौकी पर ड्यूटी दे रहे थे, तभी उन्होंने एक महिला को रोते हुए यमुना नदी की ओर जाते देखा। शक होने पर पुलिसकर्मियों ने उसे तत्काल रोककर पूछा-ताछ की। पूछताछ में महिला ने बताया कि उसकी अपनी सास से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी, जिससे आहत होकर वह आत्महत्या करने के इरादे से यमुना नदी पर आ गई थी।

पुलिसकर्मियों ने समझदारी से महिला को शांत कराया और उसे चौकी पर बैठा लिया। इसके बाद परिजनों को तत्काल सूचना दी गई। कुछ देर बाद महिला के पति और अन्य परिजन चौकी पहुंचे, जिन्हें पुलिस ने महिला को सकुशल सौंप दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, महिला कैराना कस्बे के मोहल्ला रेतेवाला की निवासी है। पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी संबंधित अधिकारियों को भेज दी है।

गौरतलब है कि इससे पहले 3 अक्टूबर को कैराना कस्बे के मोहल्ला अफगानान निवासी सलमान ने पारिवारिक कलह से परेशान होकर अपने चार मासूम बच्चों के साथ यमुना नदी में कूदकर आत्महत्या कर ली थी। उस दर्दनाक घटना के तीन बच्चों के शव अब तक नहीं मिले हैं। इस घटना के बाद पुलिसकर्मियों ने हर स्थिति में लोगों की मदद के लिए तत्पर रहने का संकल्प दोहराया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!