शामली में एएसपी संतोष कुमार सिंह का प्रेरक प्रयास—महिलाओं के सम्मान, स्वावलंबन और साइबर सुरक्षा पर लगा जनजागरूकता का पाठ!
शामली। मिशन शक्ति फेज 5.0 के अन्तर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को सशक्त करने के साथ-साथ राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा एवं साइबर अपराध से बचाव के लिए जिला शामली में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम एम.एस. फार्म हाउस, झिंझाना रोड, शामली में हुआ, जिसमें अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक शामली संतोष कुमार सिंह ने भी अपने विचारों से श्रोताओं को जागरूक किया।
कार्यक्रम में एएसपी संतोष कुमार सिंह ने उपस्थित पुलिसकर्मियों, स्थानीय नागरिकों, स्कूल के छात्र-छात्राओं को समाज में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, साइबर अपराधों से बचाव तथा डिजिटल व्यवहार में सावधानी बरतने के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह स्वयं जागरूक रहे और दूसरों को भी जागरूक करे ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण हो सके।
इस अवसर पर उन्होंने बच्चों को सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, साइबर ठगी से बचाव के तरीके, और महिला हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। कार्यक्रम में उपस्थित जनता ने एएसपी संतोष कुमार सिंह की लगन, कर्मनिष्ठा और जनहित के प्रति समर्पण की सराहना की। उनकी सक्रिय नेतृत्व क्षमता और व्यवहारिक कार्यशैली ने मिशन शक्ति अभियान को जनआंदोलन का रूप देने में विशेष भूमिका निभाई है।