
डॉक्टर की करतूत से रीढ़ की हड्डी हुई गंभीर रूप से खराब
सादिक सिद्दीक़ी,
कांधला। क्षेत्र में डॉक्टरों का खेल फिर बेनकाब हुआ है। मोहल्ला शेखजादगान निवासी राशिद पुत्र हनीफ ने थाने में तहरीर देकर मोहल्ले के ही झोलाछाप डॉक्टर दिलशाद पर सनसनीखेज आरोप लगाए हैं।शिकायत के अनुसार, राशिद की लड़की की कमर में दर्द की शिकायत लेकर दिलशाद के पास इलाज कराने गई।लेकिन बिना किसी जांच-पड़ताल और चिकित्सीय योग्यता के, डॉक्टर ने इलाज के नाम पर युवती के कमर के ऊपर जोर से लचकाने का ऐसा तरीका अपनाया कि उसकी रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आ गई।घटना के तुरंत बाद युवती की हालत बिगड़ गई और उसे जिला अस्पताल शामली रेफर करना पड़ा। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने पुष्टि की कि युवती की रीढ़ की हड्डी में गंभीर खराबी हो गई है।राशिद ने आरोप लगाया कि दिलशाद न तो किसी मान्यता प्राप्त डिग्री का धनी है और न ही उसका कोई वैध लाइसेंस है। वह खुलेआम लोगों की जान से खिलवाड़ कर रहा है। जब पीड़ित परिवार ने शिकायत लेकर डॉक्टर के पास जाकर जवाब मांगा, तो उसने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए धमकी दी “जो करना है कर लो, मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।”पीड़ित परिवार ने कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है और डॉक्टर की दुकान बंद कर उसकी योग्यता और लाइसेंस की जांच कराने की गुहार लगाई है।इस घटना ने पूरे इलाके में भारी आक्रोश फैला दिया है। लोग जोर देकर मांग कर रहे हैं कि झोलाछाप डॉक्टरों पर सख्त कार्रवाई हो और उनकी मनमानी पर रोक लगाई जाए। पुलिस ने तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।