IMG-20250924-WA0003

 

कैराना। किसानों और मजदूरों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक न्याय पहुँचाने का संकल्प भारतीय किसान यूनियन ने एक बार फिर दोहराया। बुधवार को कस्बे के मुख्य मार्ग स्थित विकास खण्ड कार्यालय प्रांगण में संगठन की स्थानीय इकाई की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता हाजी हाशिम अली और मंडल महासचिव पुष्कर सैनी ने संयुक्त रूप से की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

बैठक में संगठन के शामली जिला सचिव गुरदीप चौधरी ने कहा कि भारतीय किसान यूनियन का उद्देश्य गरीब और मजलूम किसानों के साथ-साथ मजदूरों को उनका हक दिलाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि सभी को किसान-मजदूर वर्ग के कल्याण के लिए पूर्ण समर्पण भाव से काम करना होगा। गुरदीप चौधरी ने किसान मसीहा स्वर्गीय चौधरी महेंद्र सिंह टिकैत की विचारधारा को संगठन का मूल मंत्र बताते हुए कार्यकर्ताओं से उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती और विस्तार पर भी चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि किसानों व मजदूरों की आवाज बुलंद करने के लिए सभी को एकजुट होकर आगे बढ़ना होगा।

इस मौके पर नगराध्यक्ष इनाम चौधरी उर्फ कालू, ब्लॉक अध्यक्ष इंतज़ार प्रधान, ब्लॉक महासचिव अनिल गुप्ता, नफीस अहमद, नवाब अली, इमरान चौधरी, फैज़ान अहमद, संदीप शर्मा, डॉ. जावेद, मोहसीन, मुख्तार, नईम, हारिश समेत अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक का संचालन ब्लॉक महासचिव अनिल गुप्ता ने किया।

 

error: Content is protected !!