IMG-20250921-WA0007

 

कैराना। मिशन शक्ति अभियान के पांचवें चरण के अंतर्गत रविवार को कैराना में महिला पुलिसकर्मियों ने बाइक रैली निकालकर महिला सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया। रैली का उद्देश्य महिलाओं को जागरूक करना, उनमें आत्मविश्वास जगाना और समाज में महिला सशक्तिकरण की भावना को मजबूत करना रहा।

इस रैली की शुरुआत शामली से हुई, जिसमें सैकड़ों महिला पुलिसकर्मी दोपहिया और चारपहिया वाहनों पर सवार होकर शामिल हुईं। वाहनों को रंग-बिरंगे गुब्बारों से आकर्षक तरीके से सजाया गया था, जिसने कार्यक्रम को उत्सव जैसा माहौल प्रदान किया।रैली का नेतृत्व एएसपी शामली संतोष कुमार सिंह ने किया।

पुलिस वाहनों पर लगे ध्वनि यंत्रों से मिशन शक्ति और महिला सशक्तिकरण से जुड़े संदेश गीतों के माध्यम से लोगों तक पहुंचाए गए। रैली कैराना के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए कांधला तिराहे तक पहुंची, जिसके बाद यह पुनः शामली की ओर प्रस्थान कर गई।रैली के दौरान मार्ग किनारे खड़े लोगों ने महिला पुलिसकर्मियों का उत्साह बढ़ाया और तालियों से स्वागत किया।

इस अवसर पर पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के अभियान लगातार जारी रहेंगे।कार्यक्रम में कैराना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समयपाल अत्री, सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह कसाना समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!