
ओटीपी का झांसा देकर साइबर ठगों ने उड़ाए हजारों रुपये
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला (शामली)। कस्बे और आसपास के क्षेत्रों में साइबर ठगी की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं। ठग नए-नए हथकंडे अपनाकर लोगों की गाढ़ी कमाई पर डाका डाल रहे हैं। ताजा मामला ग्राम गंगेरू निवासी फराज पुत्र यामीन का है, जिनके खाते से ठगों ने 40 हजार से अधिक रुपये साफ कर दिए। पीड़ित फराज ने थाने में दी तहरीर में बताया कि उनका खाता स्टेट बैंक कांधला शाखा में है। 09 जुलाई को उन्होंने अपना क्रेडिट कार्ड बंद कराने के लिए बैंक से संपर्क किया था। इसके बाद 18 जुलाई को उनके पास 8700716486 नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक कर्मचारी बताया और क्रेडिट कार्ड बंद कराने के नाम पर उन्हें एक ओटीपी (OTP) साझा करने को कहा। फराज जैसे ही ओटीपी बताने लगे, उनके खाते से लगातार रुपये कटने लगे। सबसे पहले 15,221 रुपये खाते संख्या 207202526888682577 में ट्रांसफर हुए। इसके बाद ठगों ने 24,974 रुपये खाते संख्या 2007202526889121445 में भेज दिए। इस तरह कुल मिलाकर 40 हजार से अधिक रुपये उनके खाते से उड़ा लिए गए। पीड़ित फराज ने घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत थाने में तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।