
खेत में गिरी दीवार का मलबा दो महीने से जस का तस, ग्राम प्रधान पर लापरवाही का आरोप
ककरौली थाना क्षेत्र के ग्राम चौरावाला में खेतों के किनारे बनी ग्राम पंचायत चिकित्सालय की बाउंड्री दीवार किसानों के लिए खतरा बन चुकी है। करीब दो महीने पहले गिरी यह दीवार अभी तक जस की तस पड़ी हुई है। किसानों का कहना है कि दीवार गिरते वक्त वह फसल में दवाई कर रहे थे वे बाल-बाल बचे, लेकिन दीवार के नीचे उनकी फसलें बर्बाद हो गईं और अब भी खतरा बना हुआ है कि कभी भी शेष दीवार गिरकर किसी बड़ी घटना का कारण न बन जाए।
ग्राम निवासी शमीम अहमद पुत्र शेर अली और आज़म पुत्र शमीम ने आरोप लगाते हुए बताया कि उनका खेत ग्राम चिकित्सालय के बराबर में है। यहां ग्राम पंचायत द्वारा योजना के तहत बाउंड्री कराई गई थी, लेकिन उसमें इतना घटिया मटेरियल लगाया गया कि कुछ ही सालों में दीवार धराशायी हो गई। किसानों का कहना है कि जब वे खेत में दवाई डाल रहे थे तभी दीवार गिरी और वे बड़ी दुर्घटना से बच गए।
किसानों का आरोप है कि लगभग दो महीने से गिरी हुई दीवार का मलबा वहीं पड़ा है, जिससे उनकी फसल को भी नुकसान हो रहा है और खेत तक आने-जाने का रास्ता भी प्रभावित है। शमीम और आज़म का कहना है कि शेष दीवार भी झुक रही है और कभी भी गिर सकती है। इससे उनकी जान पर संकट बना रहता है।
किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द दीवार का मलबा उठाकर नई मजबूत बाउंड्री तैयार कराई जाए, जिससे न उनकी फसल खराब हो और न ही किसी की जान को खतरा बने।
वहीं ग्राम प्रधान सहायक का कहना है कि दीवार का मलबा कल तक हटा लिया जाएगा।