
गन्ने का 600 रुपये भाव, बकाया भुगतान समेत 7 मांगें! दूसरे दिन भी कलेक्ट्रेट पर डटे किसान
सादिक सिद्दीक़ी
शामली। गन्ने का बकाया भुगतान, 600 रुपये प्रति क्विंटल भाव और बिजली विभाग की कार्रवाई समेत किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) का जिला कलेक्ट्रेट पर अनिश्चितकालीन धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। जिलाध्यक्ष चौधरी आशीष के नेतृत्व में किसान अपनी मांगों को लेकर धरनास्थल पर डटे हैं। भाकियू ने साफ कर दिया है कि जब तक समस्याओं का ठोस समाधान नहीं होगा, तब तक आंदोलन समाप्त नहीं किया जाएगा।मंगलवार को सैकड़ों की संख्या में भाकियू पदाधिकारी, कार्यकर्ता और किसान जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। किसानों ने टेंट लगाकर धरना-प्रदर्शन शुरू किया और अपनी मांगों को लेकर जिला प्रशासन से वार्ता करने का प्रयास किया। इस दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में फरियादियों और कर्मचारियों के लिए पानी की उचित व्यवस्था नहीं होने पर भी किसानों ने नाराजगी जताई।भाकियू ने थानाभवन शुगर मिल से किसानों का बकाया गन्ना भुगतान कराने, गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल घोषित करने और हाईकोर्ट के आदेशानुसार ब्याज सहित भुगतान दिलाने की मांग उठाई। इसके अलावा घरेलू बिजली पर बढ़ाए गए लोड को वापस लेने, रात में विद्युत विभाग की छापेमारी बंद कराने और कथित अवैध वसूली पर रोक लगाने की मांग की गई। एनएचएआई से संबंधित किसानों की समस्याओं का समाधान कराने पर भी जोर दिया गया।किसानों ने डीएम कोर्ट में लंबित मामलों का निस्तारण कराने और एआरटीओ व ट्रैफिक पुलिस द्वारा 10 से 15 वर्ष पुराने वाहनों पर बिना नोटिस कार्रवाई किए जाने के मामले में रोक लगाने की मांग उठाई। साथ ही आवारा पशुओं को पकड़कर गौशालाओं में भेजने तथा रबी की फसल के लिए यूरिया और डीएपी खाद उपलब्ध कराने की मांग भी की गई। शामली बाईपास, गोहरनी चौराहा और बधेव चौराहा समेत अन्य प्रमुख चौराहों पर सुरक्षा के उचित इंतजाम करने की मांग भी उठाई गई।मंगलवार को करीब दो बजे तक धरना-प्रदर्शन चलता रहा। किसानों के मुताबिक, जिला प्रशासन की ओर से उनकी मांगों पर कोई ठोस वार्ता नहीं हुई, जिसके बाद संगठन ने अनिश्चितकालीन धरना जारी रखने का निर्णय लिया। किसानों का कहना है कि उनकी समस्याओं का समाधान किए बिना आंदोलन समाप्त नहीं होगा।बुधवार को भी कलेक्ट्रेट परिसर में किसानों का जमावड़ा लगा रहा। जिलाध्यक्ष चौधरी आशीष के नेतृत्व में भाकियू पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर आंदोलन जारी रखा। धरनास्थल पर किसानों के लिए भंडारे की व्यवस्था भी की गई।इस दौरान जावेद तोमर, विदेश मलिक, बुटा सिंह, गीता, स्वाति खोखर, प्रभात मलिक, रहीस पठान, प्रशांत चौधरी, विनोद गोहरनी, मास्टर जाहिद, मोहित शर्मा, शमशेर जंग, मेहरदीन और अब्बास प्रमुख सहित अनेक भाकियू पदाधिकारी एवं किसान मौजूद रहे भाकियू ने स्पष्ट किया कि किसानों की मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई और समस्याओं का ठोस समाधान होने तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।