वनवास लीला के मंचन ने किया भाव-विभोर, नम हुईं दर्शकों की आंखें
* मंथरा के बहकावे में कैकेयी ने मांगे दो वरदान, पिता के वचन की मर्यादा रखने को श्रीराम ने स्वीकार किया 14 वर्ष का वनवास
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। श्रीरामलीला कमेटी मंडप पंचवटी के तत्वावधान में मंगलवार रात भगवान श्रीराम के वनवास प्रसंग का भावपूर्ण मंचन किया गया। कलाकारों ने शानदार अभिनय और प्रभावशाली संवादों के जरिए श्रीराम के त्याग, मर्यादा और पिता के प्रति आज्ञाकारिता को जीवंत कर दिया। राजा दशरथ की विवशता और श्रीराम के वनगमन के मार्मिक दृश्यों को देखकर दर्शक भावुक हो उठे।
लीला का शुभारंभ भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण की आरती के साथ हुआ। इसके बाद अयोध्या में श्रीराम के राज्याभिषेक की तैयारियों का दृश्य प्रस्तुत किया गया। श्रीराम के राजतिलक की घोषणा से अयोध्या में खुशी का माहौल था, लेकिन दासी मंथरा के षड्यंत्र ने पूरी परिस्थिति बदल दी।मंथरा के बहकावे में आकर रानी कैकेयी ने राजा दशरथ से अपने दो वरदान मांग लिए। पहले वरदान में भरत के राज्याभिषेक और दूसरे में श्रीराम को 14 वर्ष का वनवास देने की मांग की। कैकेयी की बात सुनकर राजा दशरथ स्तब्ध रह गए। उन्होंने रानी को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वचन से बंधे होने के कारण विवश नजर आए। राजा दशरथ की पीड़ा के दृश्य ने दर्शकों की आंखें नम कर दीं।वनवास का समाचार मिलते ही भगवान श्रीराम ने बिना किसी विरोध के पिता के वचन की मर्यादा बनाए रखने के लिए वन जाने का निर्णय लिया। माता सीता ने भी पति के साथ वन जाने का संकल्प लिया, जबकि भाई लक्ष्मण ने श्रीराम का साथ निभाने के लिए उनके साथ चलने की इच्छा जताई। तीनों ने राजसी वस्त्रों का त्याग कर वनवासी वेश धारण किया और अयोध्या से प्रस्थान की तैयारी की।मंत्री सुमंत के साथ श्रीराम, सीता और लक्ष्मण के महल छोड़ने का दृश्य बेहद मार्मिक रहा। कलाकारों की संवाद अदायगी और भाव-भंगिमाओं ने वनवास प्रसंग को जीवंत कर दिया। पूरे मंचन के दौरान दर्शक भाव-विभोर नजर आए।रामलीला के माध्यम से संदेश दिया गया कि सत्य, त्याग, कर्तव्य और वचन पालन जीवन के महत्वपूर्ण आदर्श हैं। भगवान श्रीराम का चरित्र आज भी समाज को मर्यादा, धैर्य और पारिवारिक कर्तव्यों का पालन करने की प्रेरणा देता है।इस अवसर पर अनिल कुमार मित्तल, प्रदीप कुमार सिंघल, डॉ. रणवीर, प्रतीक जैन, जितेंद्र सैनी, आकाश जैन, ललित शर्मा, मदन सैनी, मास्टर कन्हैया सैनी, राहुल सैनी, जनेश्वर चौहान, अजय कुमार जैन, पराग जैन, रणवीर सिंह चौधरी सहित सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे।
