
कार्रवाई की मांग पर जान से मारने की धमकी! सहायक अध्यापक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला । थाना क्षेत्र के कस्बा एलम स्थित एलम इंटर कॉलेज में तैनात एक सहायक लिपिक ने अपने ही कॉलेज के सहायक अध्यापक पर गाली-गलौज, मारपीट का प्रयास करने और कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने आरोपी अध्यापक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, कस्बा एलम स्थित एलम इंटर कॉलेज में संजीव कुमार सहायक लिपिक के पद पर तैनात हैं। पीड़ित का आरोप है कि कॉलेज में तैनात सहायक अध्यापक अनुज कुमार राठी उनके कार्यालय में पहुंचे और अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।आरोप है कि जब सहायक लिपिक ने गाली-गलौज का विरोध किया तो अध्यापक ने लोहे की रॉड से उन पर हमला करने का प्रयास किया। इसके अलावा, पीड़ित ने कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी अध्यापक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।