
कीचड़ में स्कूल जाते बच्चों का वीडियो वायरल, पालिका अध्यक्ष बोले जलभराव की समस्या जल्द होगी दूर
मोहल्ला मौलानान में कच्ची सड़क बनी मुसीबत, कीचड़ से होकर स्कूल जाने को मजबूर बच्चे बारिश होते ही बढ़ जाती है परेशानी
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला,कस्बे के मोहल्ला मौलानान में कच्ची सड़क पर जलभराव और कीचड़ की समस्या ने स्थानीय लोगों के साथ-साथ स्कूली बच्चों की परेशानी बढ़ा दी है। सड़क पर जमा गंदा पानी और कीचड़ के बीच से होकर बच्चों के स्कूल जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नगर पालिका के खिलाफ नाराजगी भी देखने को मिल रही है।
बताया गया कि मोहल्ला मौलानान निवासी तहरीम ने सड़क की बदहाल स्थिति और बच्चों की परेशानी का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया। वीडियो में स्कूली बच्चे कीचड़ से भरी सड़क से होकर स्कूल जाते दिखाई दे रहे हैं। बच्चों के कपड़ों पर कीचड़ लगने के साथ ही रास्ते में फिसलने और गिरने का खतरा भी बना हुआ है। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने समस्या के स्थायी समाधान की मांग उठाई है।स्थानीय लोगों का कहना है कि मोहल्ले में कच्ची सड़क होने के कारण बारिश के बाद हालात और खराब हो जाते हैं। सड़क पर पानी जमा होने से रास्ता कीचड़ में तब्दील हो जाता है। ऐसे में पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों को उठानी पड़ती है।लोगों के मुताबिक, बच्चों को रोजाना इसी रास्ते से होकर स्कूल जाना पड़ता है। कई बार बच्चे कीचड़ में फिसलकर गिरने से बाल-बाल बचते हैं। अभिभावकों को भी बच्चों को स्कूल भेजते समय रास्ते की चिंता बनी रहती है
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जलभराव और सड़क की समस्या को लेकर नगर पालिका में कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। लोगों का कहना है कि यदि सड़क निर्माण के साथ जल निकासी की उचित व्यवस्था कर दी जाए तो समस्या से काफी हद तक निजात मिल सकती है।वहीं सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने पालिका प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि बच्चों को कीचड़ और गंदे पानी के बीच से स्कूल जाने की स्थिति से राहत मिलनी चाहिए।
…………
नगरपालिका अध्यक्ष बोले जल्द होगा सड़क निर्माण कार्य*
नगर पालिका अध्यक्ष नजमूल इस्लाम ने कहा कि यह रास्ता काफी गहराई में होने के कारण बारिश के दौरान यहां पानी और कीचड़ की समस्या बन रही थी। लोगों की परेशानी को देखते हुए नगर पालिका ने तत्काल मिट्टी भराव का काम कराया था उन्होंने कहा कि फिलहाल बारिश के चलते सड़क का पक्का निर्माण कराना संभव नहीं है, लेकिन मौसम साफ होते ही इस सड़क पर निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। सड़क को दुरुस्त कराकर स्थानीय लोगों को जलभराव और कीचड़ से राहत दिलाना नगर पालिका की प्राथमिकता है।