पहले लिया भरोसा, फिर लेकर गायब हुआ पैसा! कर्मचारी पर 2 लाख रुपये हड़पने का आरोप

 

 

* पैसे लेकर काम नहीं किया और हो गया फरार’ प्रिंटिंग प्रेस कर्मचारी पर 2 लाख रुपये लेकर भागने का आरोप

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। कस्बे की जाट कॉलोनी स्थित भारत प्रिंटिंग प्रेस में कार्यरत एक कर्मचारी पर दुकान और बाजार के लोगों के लाखों रुपये लेकर फरार होने का गंभीर आरोप लगा है। मामले को लेकर पीड़ित दुकानदार ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोपी की बरामदगी, रुपये की वसूली और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। घटना के सामने आने के बाद व्यापारियों और ग्राहकों में भी चर्चा का माहौल बना हुआ है।

पीड़ित दुकानदार के अनुसार कस्बे के मोहल्ला खैल निवासी अंकित सैनी पुत्र सम्पत सैनी पिछले काफी समय से भारत प्रिंटिंग प्रेस पर कार्यरत था। आरोप है कि बीते लगभग एक माह से वह ग्राहकों से काम कराने के नाम पर रुपये ले रहा था, लेकिन न तो संबंधित काम करवा रहा था और न ही रुपये दुकान के खाते में जमा कर रहा था। दुकानदार का कहना है कि कई बार उसे इस संबंध में समझाया गया और चेतावनी भी दी गई, लेकिन उसने अपनी कार्यशैली में कोई सुधार नहीं किया।

दुकानदार ने बताया कि जब शिकायतें बढ़ने लगीं तो आरोपी के परिजनों को भी मामले से अवगत कराया गया। परिजनों ने भरोसा दिलाया कि भविष्य में ऐसी गलती नहीं होगी और जिन लोगों के रुपये बकाया हैं, उन्हें वापस करा दिया जाएगा। इसी आश्वासन के आधार पर उसे दोबारा काम पर रखा गया, लेकिन इसके बावजूद वह कथित तौर पर ग्राहकों और बाजार के लोगों से रुपये लेने का सिलसिला जारी रखता रहा।

आरोप है कि 3 जून को अंकित सैनी अपनी बहन के साथ वैष्णो देवी चला गया। इस दौरान जिन लोगों के रुपये फंसे हुए थे, वे लगातार दुकानदार से संपर्क कर अपने पैसे और काम के बारे में पूछताछ करते रहे। 8 जून को वापस लौटने के बाद आरोपी ने सभी लोगों को जल्द भुगतान और काम पूरा कराने का आश्वासन दिया, जिससे कुछ समय के लिए मामला शांत हो गया।

पीड़ित के अनुसार आरोपी दो दिन तक सामान्य रूप से दुकान पर आता रहा, लेकिन 10 जून को अचानक बिना किसी सूचना के दुकान से चला गया और उसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल सका। आरोप है कि वह दुकान और बाजार के लोगों के करीब दो लाख रुपये लेकर फरार हो गया।

मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया जब दुकानदार ने आरोपी के परिजनों से संपर्क कर रुपये वापस कराने की मांग की। पीड़ित का आरोप है कि इस दौरान आरोपी के जीजा सहित कुछ अन्य लोगों ने उससे अभद्रता की, गाली-गलौज की और परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। इससे पीड़ित और उसके परिवार में भय का माहौल बना हुआ है।

दुकानदार का यह भी कहना है कि आरोपी के परिजन रुपये वापस न करने और मामले से बचने के लिए अलग-अलग कहानियां बनाकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कर आरोपी को जल्द से जल्द बरामद किया जाए तथा पीड़ितों की रकम वापस दिलाई जाए।

घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय व्यापारियों में भी चिंता का माहौल है। लोगों का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह न केवल एक दुकानदार बल्कि कई ग्राहकों और बाजार से जुड़े लोगों के विश्वास के साथ भी बड़ा धोखा है।

पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हो गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!