मामूली कहासुनी ने लिया हिंसक रूप: छत से बरसी ईंटें, पिता-पुत्र समेत दो गंभीर घायल

 

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला कस्बे के मोहल्ला खेल खालापार में एक मामूली कहासुनी अचानक हिंसक झड़प में बदल गई, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। घटना में नसीम और उनके पुत्र जुनैद सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मोहल्ले में कुछ लोगों के बीच कहासुनी हो रही थी। इसी दौरान जब जुनैद बीच-बचाव करने के लिए मौके पर पहुंचा, तो आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने उग्र होकर उसके मकान की छत से ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए।

इस अचानक हुए हमले में एक ईंट सीधे जुनैद के सिर पर आ लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। वहीं दूसरी ईंट उसके पिता नसीम के सीने में लगी, जिससे वह भी बुरी तरह चोटिल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग सहम गए।

घायलों को तुरंत कांधला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जुनैद की हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल शामली रेफर कर दिया गया।

घायल जुनैद ने बताया कि वह केवल झगड़ा शांत कराने गया था, लेकिन अचानक उस पर और उसके परिवार पर हमला कर दिया गया। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने मारपीट और पथराव करने वाले कई लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

घटना से पूरे मोहल्ले में दहशत का माहौल है। लोग खुलेआम इस तरह की हिंसा को लेकर आक्रोशित नजर आ रहे हैं और प्रशासन से सुरक्षा की मांग कर रहे हैं।

वहीं कांधला थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!