तेज रफ्तार और बचाव की कोशिश बनी हादसे की वजह, दो युवक गंभीर घायल

कांधला। थाना क्षेत्र के एलम रेलवे फाटक के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव डूंगर निवासी प्रेम सिंह के पुत्र अंकुर और हरपाल सिंह के पुत्र पंकज बाइक से अपने एक दोस्त को जनपद बागपत के गांव असारा छोड़कर वापस लौट रहे थे। जैसे ही वे एलम रेलवे फाटक के पास पहुंचे, सामने से आ रही एक अन्य बाइक को बचाने के प्रयास में उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क पर गिर गई।

हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और सड़क पर ही तड़पते रहे। मौके पर मौजूद राहगीरों ने मानवता दिखाते हुए तुरंत 102 एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल कांधला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।

अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा दोनों का उपचार किया जा रहा है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं, घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!