
स्वकर प्रणाली पर बवाल! व्यापारियों का कड़ा विरोध, अधिशासी अधिकारी के साथ चली लंबी वार्ता
कांधला नगर पालिका परिषद में बुधवार को व्यापारी वर्ग और पालिका प्रशासन के बीच स्वकर (स्वच्छता कर) प्रणाली को लेकर माहौल गरमा गया। नई व्यवस्था से नाराज़ व्यापारियों ने अधिशासी अधिकारी पूर्णिमा सिंह से मुलाकात कर अपने विरोध को खुलकर जताया। बैठक में दोनों पक्षों के बीच लम्बी वार्ता चली, जो कई बार तीखी बहस में भी बदलती नजर आई।
व्यापारी वर्ग ने कहा कि नई या संशोधित स्वच्छता शुल्क प्रणाली ने छोटे और मध्यम व्यापारियों पर अत्यधिक आर्थिक बोझ डाल दिया है। व्यापारियों का कहना था कि मौजूदा आर्थिक स्थिति पहले से ही चुनौतीपूर्ण है, ऐसे में नई कर प्रणाली उनके व्यवसाय को और कठिन बना रही है। उन्होंने मांग की कि दरें कम की जाएं, छोटे व्यापारियों को राहत दी जाए और प्रणाली को युक्तिसंगत बनाया जाए।
अधिशासी अधिकारी पूर्णिमा सिंह ने व्यापारियों की आपत्तियों को गंभीरता से सुना और नगर की स्वच्छता व विकास के लिए स्वकर की आवश्यकता पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था शहर की सफाई व्यवस्था को मजबूत बनाने और नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए लागू की गई है।
काफी देर चली चर्चा के बाद भी कोई अंतिम निर्णय नहीं हो सका, लेकिन दोनों पक्षों ने संवाद जारी रखने पर सहमति जताई।
व्यापार मंडल अध्यक्ष ईश्वर दयाल कंसल ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर सकारात्मक विचार नहीं किया गया तो व्यापारी वर्ग आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होगा।
इस पूरे घटनाक्रम से कांधला में स्वकर प्रणाली को लेकर व्यापारी वर्ग में हलचल तेज हो गई है। नगर पालिका प्रशासन और व्यापार मंडल के बीच अगले कुछ दिनों में किसी ठोस समाधान पर पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।बैठक में व्यापारी नेता सचिन गोयल एडवोकेट, हिमांशु अग्रवाल, रवि नामदेव, संजीव कुमार अग्रवाल सहित कई प्रमुख व्यापारी मौजूद रहे।