क्राइम इंस्पेक्टर योगेंद्र सिंह ने किया ध्वजारोहण, देशभक्ति के माहौल में मना 77वां गणतंत्र दिवस
कैराना। 77वां गणतंत्र दिवस सोमवार को नगर सहित ग्रामीण अंचलों में हर्षोल्लास, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। सरकारी कार्यालयों, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों और पत्रकार कार्यालयों पर तिरंगा फहराया गया तथा देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लिया गया।
इसी क्रम में नगर के मुख्य मार्ग पर स्थित अहमद मार्किट में पत्रकार कार्यालय पर गणतंत्र दिवस का कार्यक्रम गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कैराना कोतवाली में तैनात अपराध निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराकर सलामी दी।
ध्वजारोहण के बाद उपस्थित पत्रकारों, पुलिस अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान गाया। राष्ट्रगान के दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया और वातावरण ‘भारत माता की जय’ तथा ‘वंदे मातरम्’ के नारों से गूंज उठा। कार्यक्रम में उपनिरीक्षक इंतिज़ार अहमद भी विशेष रूप से मौजूद रहे। ध्वजारोहण के पश्चात अपराध निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि 26 जनवरी भारतीय लोकतंत्र का सबसे गौरवपूर्ण दिन है, क्योंकि इसी दिन देश में संविधान लागू हुआ था। संविधान ने प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता और न्याय का अधिकार दिया है। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में समाज और शासन के बीच सेतु का कार्य करते हैं। निष्पक्ष, निर्भीक और सत्यनिष्ठ पत्रकारिता से ही लोकतंत्र मजबूत बनता है। उन्होंने पत्रकारों से आह्वान किया कि वे समाज की वास्तविक समस्याओं को प्रमुखता से उठाएं और सत्य के साथ खड़े रहकर राष्ट्र निर्माण में अपनी अहम भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि पुलिस और मीडिया दोनों का उद्देश्य समाज में शांति, व्यवस्था और न्याय स्थापित करना है।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकारों ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व हमें देश के लिए त्याग, बलिदान और समर्पण की भावना को याद दिलाते हैं। संविधान में निहित मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात कर ही एक सशक्त और समृद्ध भारत का निर्माण किया जा सकता है।

वहीं, अतिथि के रूप में पहुंचे कोतवाली प्रभारी निरीक्षक समय पाल अत्री ने पत्रकार कार्यालय में उपस्थित सभी पत्रकारों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि मीडिया समाज का आईना है और सकारात्मक पत्रकारिता से सामाजिक चेतना को मजबूती मिलती है। कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार यूसुफ त्यागी, सलीम चौधरी, अब्दुल सत्तार, महताब शानू, सलीम अंसारी, सन्नी गर्ग, इरफान चौधरी, आशू चौधरी, डॉ. अरशद चौधरी, नदीम चौधरी सहित अनेक पत्रकारगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने देश की एकता, अखंडता और संविधान की मर्यादा बनाए रखने का संकल्प लिया।
