IMG-20251111-WA0020

 

कैराना। तीन माह पूर्व बसेड़ा गांव में घर में घुसकर हुए जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहे दो और वांछित आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। इस प्रकरण में अब तक कुल छह नामजद आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं, जबकि एक आरोपी की गिरफ्तारी अभी शेष है।

गौरतलब है कि गत 7 अगस्त को ग्राम बसेड़ा निवासी राजुल ने कुछ व्यक्तियों पर घर में घुसकर मारपीट करने और जान से मारने की नीयत से फायर करने का आरोप लगाते हुए कोतवाली कैराना में मुकदमा दर्ज कराया था। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शामली नरेन्द्र प्रताप सिंह ने संबंधित आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।

एसपी के निर्देश पर चलाए जा रहे वांछित अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत मंगलवार को दभेड़ी खुर्द चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक जितेन्द्र त्यागी ने आरोपियों कौशर और दिलशाद, दोनों निवासी ग्राम बसेड़ा, को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। पुलिस ने दोनों का चालान न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया है।

चौकी प्रभारी जितेन्द्र त्यागी ने बताया कि मामले में अब तक कुल छह आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि एक अन्य वांछित आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि बचे हुए आरोपी को भी शीघ्र पकड़कर जेल भेजा जाएगा।

 

error: Content is protected !!