चार सफाई कर्मियों की बर्खास्तगी से फूटा गुस्सा कर्मचारियों ने किया जोरदार प्रदर्शन, बहाली की उठी मांग

 

कांधला। नगर पालिका परिषद कांधला में मंगलवार को उस समय माहौल गरमा गया जब नगर पालिका अध्यक्ष नजमुल इस्लाम द्वारा चार सफाई कर्मियों — राजन, अर्जुन, विनय और आज़ाद — को अचानक ड्यूटी से हटाए जाने का आदेश जारी किया गया। इस फैसले के विरोध में सफाई कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने पालिका कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन व हंगामा किया।प्रदर्शनकारी कर्मचारियों का कहना था कि हटाए गए साथियों को बिना किसी ठोस कारण और जांच के बर्खास्त किया गया है, जो पूरी तरह अन्यायपूर्ण है। उन्होंने मांग की कि चारों कर्मचारियों को तुरंत बहाल किया जाए, अन्यथा आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है।स्थिति बिगड़ती देख वार्ड सभासद कयूम जंग मौके पर पहुंचे और नाराज़ कर्मचारियों से बातचीत कर माहौल शांत कराया। उन्होंने आश्वासन दिया कि राजन, अर्जुन, विनय और आज़ाद की बहाली के लिए नगर पालिका स्तर पर बातचीत की जाएगी और जल्द ही उन्हें पुनः ड्यूटी पर लगाया जाएगा।सभासद के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने फिलहाल प्रदर्शन समाप्त कर दिया, लेकिन कर्मचारियों में असंतोष की लहर अब भी बरकरार है। उनका कहना है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे धरना प्रदर्शन और तालाबंदी आंदोलन करने को मजबूर होंगे।इस दौरान नगर पालिका परिसर में सफाई कर्मचारियों की बड़ी संख्या में भीड़ जमा रही, जिससे माहौल तनावपूर्ण बना रहा। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन कर्मचारियों के तेवर अब भी गरम हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!