कैराना (शामली)। नगर पालिका परिषद कैराना में आगामी 13 अक्टूबर को प्रस्तावित बोर्ड बैठक को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। हिन्दू महिला सभासदों ने बैठक की तारीख को लेकर कड़ा विरोध जताते हुए एसडीएम से शिकायत की है। उनका आरोप है कि पालिका प्रशासन ने जानबूझकर हिन्दू महिलाओं के प्रमुख पर्व अहोई अष्टमी के दिन बैठक का आयोजन तय किया है, जिससे उनके धार्मिक अधिकारों का हनन हो रहा है।
वार्ड संख्या 3 की सभासद अंजू पत्नी बलवान और वार्ड संख्या 6 की सभासद कोमल रानी पत्नी सागर ने शुक्रवार को एसडीएम निधि भारद्वाज को शिकायती पत्र सौंपा। शिकायती पत्र में दोनों सभासदों ने उल्लेख किया कि कैराना मुस्लिम बहुल क्षेत्र है और पालिका में वे ही दो हिन्दू महिला सभासद निर्वाचित हुई हैं। ऐसे में पर्व के दिन बैठक का आयोजन कर पालिका प्रशासन उन पर मानसिक और धार्मिक उत्पीड़न कर रहा है।
सभासदों ने आरोप लगाया कि यह निर्णय सुनियोजित षड्यंत्र के तहत लिया गया है ताकि वे बोर्ड बैठक में अपनी उपस्थिति दर्ज न करा सकें और अपनी बात न रख पाएं। उन्होंने एसडीएम से मांग की कि बोर्ड बैठक की तय तारीख को तुरंत बदला जाए, जिससे किसी समुदाय की धार्मिक भावना आहत न हो और सभी जनप्रतिनिधि सहज रूप से बैठक में भाग ले सकें।
सूत्रों के अनुसार, एसडीएम निधि भारद्वाज ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है। वहीं, पालिका प्रशासन की ओर से इस पर अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी गई है।