कैराना। पत्नी से हुए विवाद के बाद रविवार को मेरठ के एक युवक ने अपनी जीवनलीला समाप्त करने का प्रयास किया। युवक आत्महत्या करने के इरादे से यूपी-हरियाणा सीमा पर स्थित यमुना नदी के पुल पर जा पहुंचा, लेकिन मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने सूझबूझ दिखाते हुए उसकी जान बचा ली।
जानकारी के अनुसार, यमुना ब्रिज चौकी पर नियमित गश्त के दौरान पुलिसकर्मियों की नज़र एक युवक पर पड़ी, जो परेशान हालत में इधर-उधर घूम रहा था। संदेह होने पर चौकी प्रभारी एसआई अशोक कुमार अपनी टीम के साथ धीरे-धीरे उसके पास पहुंचे और धैर्यपूर्वक बातचीत करते हुए युवक को चौकी ले आए। जब उससे पूछताछ की गई तो कुछ ही देर बाद उसकी पत्नी और परिजन भी मौके पर पहुँच गए। पत्नी ने पुलिस को बताया कि किसी बात को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ था, जिसके बाद युवक सदमे में नदी पर जा पहुँचा।
चौकी प्रभारी ने बताया कि युवक मेरठ जनपद के सरधना थाना क्षेत्र के गांव मैनापुठी का निवासी है। करीब दो वर्ष पहले उसने प्रेम विवाह कर क्षेत्र के गांव बुच्चाखेड़ी निवासी युवती से शादी की थी। फिलहाल वह पत्नी के मायके में ही रह रहा था। रविवार को हुए विवाद ने स्थिति को इतना बिगाड़ दिया कि युवक जान देने की नीयत से पुल पर जा पहुंचा। सौभाग्य से पुलिस की तत्परता और समझदारी ने युवक का जीवन बचा लिया।
विदित हो कि बीते एक माह में इसी पुल से दो युवक आत्महत्या कर अपनी जान गंवा चुके हैं। ऐसे में यह घटना समय से पहुंची पुलिस और उनकी सक्रियता की वजह से एक बड़ी अनहोनी में बदलने से बच गई।