विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों मौत से सनसनी, पुलिस जांच में जुटी

 

फांसी के फंदे से लटका मिला शव, पीछे छूट गए तीन मासूम बच्चे — मायके पक्ष ने लगाए गंभीर आरोप

सादिक सिद्दीक़ी

कांधला, कस्बे के मोहल्ला खैल में शनिवार शाम एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। 26 वर्षीय विवाहिता गुलशाना पत्नी जावेद की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगने से मौत हो गई। महिला का शव घर के भीतर फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी।

गुलशाना की शादी करीब 9 वर्ष पूर्व कांधला मोहल्ला खेल निवासी जावेद से हुई थी। विवाहिता के तीन मासूम बच्चे भी हैं, जिनकी मासूमियत पर अब मातृसाया की छाया हमेशा के लिए उठ गई। गुलशाना मूल रूप से झिंझाना क्षेत्र के गांव चन्दपुरी निवासी रियाजूदीन की पुत्री थी।

शाम के समय जैसे ही गुलशाना का शव फंदे पर लटका देखा गया, घर में कोहराम मच गया। पति जावेद ने तत्काल पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की।

फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्रित किए। इसी बीच मृतका के मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए। शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार ने बताया कि मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। समाचार लिखे जाने तक मृतका के परिजनों द्वारा कोई तहरीर नहीं दी गई थी।इस दर्दनाक घटना के बाद से मोहल्ले में सन्नाटा पसर गया है। लोग दबी जुबान में तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!