नगर पालिका का स्वच्छता महाअभियान, हर वार्ड में जागरूकता का संदेश

कांधला नगर पालिका परिषद कांधला (यूएलबी कोड 800643) में शुक्रवार को अधिशासी अधिकारी और नगरपालिका अध्यक्ष के निर्देशानुसार वार्ड-दर-वार्ड स्वच्छता जागरूकता महाअभियान चलाया गया। नगर पालिका के स्वच्छता मार्गदर्शक व कर्मचारियों ने नगरवासियों को न केवल सफाई से जुड़ी मूल बातें बताईं, बल्कि उन्हें व्यवहारिक तौर पर स्वच्छता अपनाने के लिए प्रेरित भी किया। अभियान के दौरान नगरवासियों को गीले व सूखे कचरे के पृथक्करण की प्रक्रिया समझाई गई। बताया गया कि गीले कचरे से खाद तैयार कर घरों में ही होम कंपोस्टिंग की जा सकती है, जबकि सूखा कचरा रीसाइक्लिंग में काम आता है। इस मौके पर टीम ने यह भी स्पष्ट किया कि सिंगल यूज़ प्लास्टिक हमारे पर्यावरण, जल स्रोतों और पशु-पक्षियों के लिए बेहद हानिकारक है। इसके विकल्प के रूप में कपड़े व जूट के थैले इस्तेमाल करने की अपील की गई।नगरवासियों को शासन द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 1533 (शिकायत/समाधान) और 14420 (सेप्टिक टैंक सफाई) की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने नागरिकों से इन नंबरों का अधिकतम उपयोग करने और समस्याओं का त्वरित समाधान पाने की अपील की।

“स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि हर नागरिक का कर्तव्य है। यदि हर घर अपना कचरा अलग-अलग रखे और प्लास्टिक का परहेज़ करे तो हमारा नगर साफ-सुथरा और स्वस्थ्य वातावरण वाला बन सकता है। स्वच्छ कांधला का सपना तभी पूरा होगा जब इसमें जनता की भागीदारी होगी।”अभियान के दौरान कई नागरिकों ने नगरपालिका की इस पहल की सराहना की। लोगों ने कहा कि जागरूकता से ही बदलाव संभव है और इस तरह के अभियान से नागरिकों को सही दिशा मिल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!