IMG-20250730-WA0015

 

कैराना। ई-रिक्शा में सवार चार-पांच युवकों ने बाइक से घर लौट रहे दो भाइयों पर जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें एक युवक घायल हो गया। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि हमलावर उसकी बहन के ससुराल पक्ष के लोग हैं, जो पहले से ही उसकी बहन को परेशान कर रहे थे।

बुधवार को कैराना के रामड़ा निवासी शाहरुख अपने भाई के साथ बाइक पर गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे कस्बे के मुख्य पानीपत-शामली मार्ग पर स्थित मदरसे के पास पहुंचे, तभी एक ई-रिक्शा तेज गति से आकर उनके आगे रुका। ई-रिक्शा से उतरे चार-पांच युवकों ने दोनों भाइयों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में शाहरुख गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि हमलावर उन्हें जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।

घायल शाहरुख ने बताया कि उसकी बहन नगमा की शादी आठ महीने पहले आर्यपुरी निवासी सलमान से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल वाले नगमा को प्रताड़ित कर रहे थे, जिसकी शिकायत उन्होंने महिला थाने और परामर्श केंद्र में की थी। बुधवार को दोनों पक्षों को महिला थाने बुलाया गया था, जहां से लौटते समय ससुराल पक्ष के लोगों ने उन पर हमला कर दिया।

पुलिस की कार्रवाई:

घटना के बाद शाहरुख को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का दावा किया है। पीड़ित परिवार ने त्वरित न्याय की मांग की है।

 

error: Content is protected !!