कैराना। सोमवार को विकास खंड कार्यालय के सभागार में राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत पंचायत एडवांसमेंट इंडेक्स (PAI)-1.0 एवं 2.0 का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव, प्रधान प्रतिनिधि, पंचायत सहायक और खण्ड प्रेरकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कार्यवाहक सहायक विकास अधिकारी (एडीओ) पंचायत, राहुल पंवार ने की। इस दौरान मण्डलीय जिला परियोजना प्रबंधक, लोकेश सिरोही ने पंचायत डेवलपमेंट इंडेक्स (PDI)-1.0 व 2.0 के तहत ग्राम पंचायतों के स्कोर कार्ड के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किस प्रकार ग्राम पंचायतें अपने प्रदर्शन को बेहतर बनाकर राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार प्राप्त कर सकती हैं।
प्रशिक्षक संदीप सिंह ने विभिन्न विभागों से संबंधित डाटा पॉइंट्स पर चर्चा करते हुए त्रुटिरहित डाटा एंट्री पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सही और पूर्ण आंकड़े फीड करके ही ग्राम पंचायतें अच्छा स्कोर प्राप्त कर सकती हैं, जिससे वे राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए आवेदन करने के योग्य बन सकें।
इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण विकास को गति देना और पारदर्शी डिजिटल मॉनिटरिंग को बढ़ावा देना है। प्रतिभागियों ने इसे ग्राम पंचायतों के विकास में मील का पत्थर बताया।