कांधला, शामली। सडक निर्माण ना होने के कारण ग्रामीणों को नारकीय जीवन व्यतीत करना पड रहा है। मामले में ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों को शिकायती पत्र भेजकर कार्यवाही की मांग की है।
क्षेत्र के गांव असदपुर जिडाना के अंतर्गत पडने वाले मजरे काजीपुरा के ग्रामीण मूल भूत सुविधाओं से वंचित है। ग्रामीणों का आरोप है कि वर्तमान ग्राम प्रधान को उसकी योजना के पांच वर्ष पूर्ण होने वाले है, किन्तु ग्राम प्रधान हारूण के दौरान कभी भी ग्रामीणों की सुध नही ली है, मजरे काजीपुरा में लगभग 20 घर है, जिनके लोग मेहनत मजदूरी करके अपना जीवन यापन करते है, गांव से अलग होने के कारण वह हमेशा अनदेखी का शिकार रहे है। गांव में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है, आज तक गांव में मुख्य सडक का निर्माण नही कराया गया है, और ना ही पानी की निकासी की सही व्यवस्था है। मुख्य सडक का निर्माण ना होने के कारण बरसात के दिनों में ग्रामीणों को अत्याधिक परेशानियों का सामना करना पड रहा है। थोडी सी बारिश आने के साथ ही सडक पर चलना दुश्वार हो जाता है। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने मामले को लेकर कई बार ग्राम प्रधान हारूण से सम्पर्क कर उनकी सडक निर्माण की मांग कर चुके है, किन्तु उनकी समस्या का कोई समाधान नही हो पाया। मामले को लेकर ग्रामीण सालिम, मोसिन, इनाम, इस्तखार, मुकरिम, वादिल, दिलशाद आदि ने उच्चाधिकारियों को शिकायती पत्र भेजकर कार्यवाही की मांग की है।