भीषण एक्सीडेंट में कांधला के ट्रक चालक की मौत, परिवार में मातम का माहौल!
पंजाब से बस्ती जाते समय डंपर से टकराया ट्रक, चालक सरवर की मौत!
रोटावेटर लदे ट्रक का हादसा: चालक के चार बच्चे अनाथ, साथी घायल! दो दिन पहले ही गया था पंजाब से रोटावेटर लेकर!

बस्ती/कांधला: थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी दौलत निवासी 38 वर्षीय ट्रक चालक सरवर पुत्र रफीक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। मंगलवार की सुबह चार बजे जनपद बस्ती के पास हुए इस हादसे में सरवर की ट्रक और सामने से आ रहे रोड़ी-डस्ट से भरे डंपर के बीच भयानक टक्कर हुई, जिसमें ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में सरवर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसके साथी समद पुत्र सालिम को मामूली चोटें आईं।

दो दिन पहले ही गया था पंजाब से रोटावेटर लेकर
सरवर दो दिन पहले अपने साथी के साथ पंजाब से रोटावेटर लादकर जनपद बस्ती के लिए रवाना हुआ था। मंगलवार तड़के हुए हादसे के बाद राहगीरों ने घायल सरवर को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सरवर के चार नाबालिग बच्चों की मासूम आंखें अब पिता के इंतजार में हैं।
परिजनों ने शव लेने की शुरू की तैयारी!
समाचार लिखे जाने तक सरवर का शव गांव नहीं पहुंचा था। परिजनों ने बस्ती जाकर शव लाने के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के बाद फरार हुए डंपर चालक की तलाश जारी है।
सरवर की मौत से गांव गढ़ी दौलत में शोक छा गया है। वह अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसकी पत्नी और चार बच्चों का भविष्य अब अनिश्चितता के घेरे में है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मृतक के परिवार को तत्काल मुआवजा और सहायता देने की मांग की है।