
विजय कश्यप हत्या कांड में न्याय की मांग को लेकर संगठनों ने एकजुटता दिखाई, शामली पुलिस पर दबाव!
सीमा विवाद और पुलिस विवाद के बीच फंसा इंसाफ, परिजनों के साथ संगठनों ने धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी
हरियाणा पुलिस की बर्बरता से विजय कश्यप की मौत, पोस्टमार्टम में सामने आए गंभीर चोट के सबूत!
कांधला (शामली), 11 मई: मजदूरी कर घर लौट रहे कांधला निवासी 22 वर्षीय युवक विजय कश्यप की हरियाणा पुलिस द्वारा पीट-पीट कर हत्या के मामले में नए खुलासे ने समाज में आक्रोश भर दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, मृतक के शरीर पर गहरे घाव और हड्डियां टूटी हुई पाई गई हैं, जो पुलिस की बर्बरता की पुष्टि करते हैं। घटना के सात दिन बाद भी सीमा विवाद के चलते हत्या का मामला दर्ज नहीं हो सका है, जिससे परिजनों और स्थानीय संगठनों ने शामली पुलिस के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी है।
4 मई को कांधला निवासी अजब सिंह कश्यप के दोनों पुत्र अजय और विजय हरियाणा के पानीपत में एक शादी समारोह में मजदूरी करने गए थे। रविवार देर शाम टोल प्लाजा के पास तीन पुलिसकर्मियों ने उन पर एक अज्ञात युवती को छेड़ने का आरोप लगाकर उन्हें रोका और बेरहमी से पीटा। अजय किसी तरह भाग निकले, लेकिन विजय को सनौली चौकी पुलिस ने हिरासत में ले लिया। अगले दिन उनका शव यमुना नदी के पास लहूलुहान अवस्था में मिला।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट चौंकाने वाली:
मृतक के पिता अजब सिंह के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में विजय के सिर में गहरा घाव, पसली समेत कई हड्डियां टूटी हुई और शरीर पर पांच स्थानों पर गंभीर चोट के निशान पाए गए। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने विजय को थर्ड डिग्री टॉर्चर किया और मारपीट के बाद शव फेंक दिया।
संगठनों ने उठाई आवाज:
ऋषिवादी क्रमशील यंग परमार्थी पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजेश तुरैहा, भारतीय कश्यप सेवा संघ के प्रताप सिंह खालसा समेत कई संगठनों के नेताओं ने मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को समर्थन दिया। उन्होंने शामली पुलिस पर तत्काल एफआईआर दर्ज करने का दबाव बनाया और चेतावनी दी कि यदि 36 बिरादरी के हजारों लोगों के साथ जिला मुख्यालय पर धरना दिया जाएगा।
राजनीतिक हस्तक्षेप और मांगें:
समाजवादी पार्टी ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए हरियाणा और यूपी पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल उठाए। वहीं, परिजनों ने सीबीआई जांच और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सदर विधायक प्रसन्न चौधरी ने भी परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है।
मामले में एसपी शामली को ज्ञापन देकर 24 घंटे के अंदर कार्रवाई की मांग की गई है। संगठनों ने स्पष्ट किया कि यदि न्याय में देरी हुई तो राष्ट्रीय स्तर पर आंदोलन छेड़ा जाएगा।