Screenshot_20250430-161820_Samsung-Internet-e1746010228231

 

चारधाम यात्रा से पहले देहरादून पुलिस का बड़ा एक्शन! 2.32 टन नकली पनीर बरामद, 2 गिरफ्तार!

सहारनपुर से देहरादून तक फैली नकली पनीर सप्लाई चेन का भंडाफोड़, खाद्य सुरक्षा टीम ने किया खुलासा!

मानव स्वास्थ्य के लिए घातक था नकली पनीर, CM धामी के निर्देश पर यात्रा सुरक्षा को लेकर चलाया अभियान!

उत्तराखंड। देहरादून पुलिस ने चारधाम यात्रा के दौरान होने वाले संभावित खाद्य संकट को नाकाम करते हुए एक बड़ी कार्रवाई में नकली पनीर की सप्लाई चेन का भंडाफोड़ किया है। इस ऑपरेशन के तहत अब तक 2320 किलो (2.32 टन) नकली पनीर जब्त किया गया है, जबकि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। तीन अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

पुलिस ने अपर ईश्वर विहार स्थित एक दुकान और उसके गोदाम पर छापा मारकर 120 किलो नकली पनीर और 600 किलो अवैध स्टॉक बरामद किया। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पनीर का परीक्षण किया और इसे “मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक” घोषित किया।

सहारनपुर में फैक्ट्री पर छापा:

सहारनपुर प्रशासन की एक संयुक्त टीम ने नकली पनीर बनाने वाली फैक्ट्री पर छापा मारा। यहां से 1600 किलो नकली पनीर, केमिकल और उपकरण जब्त किए गए। इस फैक्ट्री से देहरादून को नकली पनीर की सप्लाई की जा रही थी।

गिरफ्तार आरोपी और फरार अपराधी:

  • अब्दुल मन्नान (पिता: सलीम अहमद), निवासी: ईश्वर विहार, रायपुर रोड, देहरादून।
  • आरिफ (पिता: मेहंदी हसन), निवासी: बैरागी वाला, थाना सहसपुर, देहरादून।
  • फरार आरोपी: मनोज कुमार, नरेंद्र सिंह और शाहरूख। पुलिस इनकी तलाश में जुटी है।

नकली पनीर की सप्लाई में इस्तेमाल होने वाला पिकअप वाहन भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। फैक्ट्री से मिले केमिकल्स के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।

चारधाम यात्रा को लेकर सुरक्षा अलर्ट:

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर चारधाम यात्रा के दौरान खाद्य सुरक्षा और सार्वजनिक स्वास्थ्य को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। देहरादून पुलिस की यह कार्रवाई न केवल यात्रियों को जहरीले खाद्य पदार्थों से बचाने में सफल रही, बल्कि इससे बड़े पैमाने पर होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं को भी टाला गया।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह गिरोह लंबे समय से नकली पनीर बनाकर उत्तराखंड के विभिन्न शहरों में सप्लाई कर रहा था। यह पनीर खाने योग्य नहीं था और इसके सेवन से गंभीर बीमारियां हो सकती थीं, उन्होंने चेतावनी दी।

इस मामले में BNS और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (FSSAI) के तहत केस दर्ज कर जांच तेज कर दी गई है। प्रशासन ने आम जनता से सतर्क रहने और संदिग्ध खाद्य उत्पादों की जानकारी देने की अपील की है।

यह कार्रवाई नकली खाद्य पदार्थों के खिलाफ प्रशासन की सख़्ती का संदेश देती है। चारधाम यात्रा जैसे बड़े आयोजनों के दौरान ऐसे ऑपरेशन नागरिकों के विश्वास को बढ़ाने और अपराधियों के इरादों पर पानी फेरने में अहम भूमिका निभाते हैं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!