IMG-20250405-WA0011

 

दहेज उत्पीड़न के आरोप में पति व ससुरालियों के खिलाफ महिला ने दर्ज कराई शिकायत

ससुरालियों के अत्याचार से मानसिक रूप से बीमार हुई युवती, मां ने पुलिस में की रिपोर्ट

6 माह बाद भी ससुराल नहीं ले जा रहे पति, पीड़िता की मां ने लगाए गंभीर आरोप

शामली। कांधला थाना क्षेत्र के गांव नाला में एक विवाहिता महिला द्वारा अपने पति और ससुरालियों पर दहेज के लिए मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पीड़िता की मां ने आरोपियों के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

पीड़िता आसमा (बदला हुआ नाम) की मां आबिदा (45) ने बताया कि उन्होंने दो वर्ष पूर्व अपनी बेटी की शादी बागपत जनपद के गांव लुम निवासी तालिब (पुत्र लियाकत) से करवाई थी। शादी के कुछ दिन तक सब कुछ ठीक रहा, लेकिन बाद में पति और ससुराल वालों ने दहेज की अधिक मांग करते हुए आसमा को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। आबिदा के अनुसार, “6 महीने पहले जब दहेज की मांग पूरी नहीं हुई, तो ससुरालियों ने आसमा की ज़ोरदार पिटाई की और उसे मायके छोड़कर भाग गए। अब तक कोई उसे वापस लेने नहीं आया।”

पीड़िता की मानसिक हालत चिंताजनक बताई जा रही है। आबिदा ने आरोप लगाया कि लगातार प्रताड़ना के कारण आसमा गहरे तनाव में है और उसकी सेहत बिगड़ती जा रही है। उन्होंने पति तालिब, ससुर लियाकत और अन्य रिश्तेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की गुहार लगाई है।

थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत पर गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है। स्थानीय लोगों ने पीड़िता के परिवार के साथ एकजुटता जताते हुए आरोपियों के ख़िलाफ़ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

यह मामला एक बार फिर दहेज उत्पीड़न और महिला सुरक्षा के मुद्दे को लेकर समाज में चल रही बहस को उजागर करता है। पुलिस प्रशासन ने पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए त्वरित कदम उठाने का वादा किया है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!