images - 2023-07-10T212320.213

बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण कर पीडि़तों से राहत शिविर में मुलाकात करेंगे योगी

सहारनपुर। 13 जुलाई। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिला प्रशासन ने आज बताया कि बाढ़ प्रभावित इलाकों के हालात का जायजा लेने आ रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हवाई सर्वेक्षण करेंगे और बाढ़ पीडि़तों से राहत शिविर में मुलाकात करेंगे।

जिलाधिकारी डा. दिनेश चंद्र ने बताया कि मुख्यमंत्री शुक्रवार दोपहर एक बजे सहारनपुर आ रहे है। मुख्यमंत्री सहारनपुर में बाढ प्रभावित और जल भराव की स्थिति का हवाई सर्वेक्षण करने के साथ-साथ राहत शिविर का निरीक्षण करेंगे। वह करीब दो घंटे नगर में रूकेंगे।

जिलाधिकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री हवाई जहाज से एक बजकर 20 मिनट पर सरसावा हवाई अड्डे पर उतरेंगे, जहां से हैलीकाप्टर से वह पुलिस लाइन पहुंचेगे। मुख्यमंत्री सरसावा से सहारनपुर आने-जाने के दौरान जल भराव और बाढ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई निरीक्षण करेंगे। पुलिस लाइन से वह जैन कालेज में बने बाढ प्रभावितों के लिए बनाए गए शिविर में जाएंगे। जहां वह शिविरार्थियोें से बातचीत कर नुकसान का जायजा लेंगे और वहां की व्यवस्था देखेंगे। इस शिविर में करीब 110 लोग रूके हुए है।

मेयर डा. अजय सिंह के मुताबिक सहारनपुर नगर में पांवधोई नदी और ढमोला नदी में आई बाढ से नगर की 13-14 कालोनियों मे जल भराव हो गया था। वहां से ढाई हजार लोगों को निकालकर 13 शिविरों में रखा गया। बृहस्पतिवार को स्थिति कुछ सामान्य होने पर कुछ लोग शिविरों से अपने घरों को लौट गए।

जिले में पांच दिनों की भारी बारिश के दौरान करीब पांच-छह लोगों की पानी में डूबने से मौत हो गई और नागल क्षेत्र में 55 वर्षीय महिला सरला देवी का कच्चा मकान जमींदोज हो गया और मलबे में दबकर उनकी मौत हो गई थी। बंहेट क्षेत्र में जल भराव से हजारों किसानों की फसल को नुकसान पहुंचा है। यमुना नदी के किनारे के कई गांवों में भी जल भराव रहा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहारनपुर के कांवड मार्गों का भी अवलोकन करेंगे। वह पुलिस लाइन में जन प्रतिनिधियों और पुलिस-प्रशासिनक अधिकारियों के साथ बैठक करने के बाद करीब तीन बजे हैलीकाप्टर से सरसावा और वहां से हवाई जहाज से लखनऊ लौट जाएंगे। मुख्यमंत्री के सहारनपुर दौरे के दौरान उनकी सुरक्षा के कडे बंदोबस्त रहेंगे। प्रशासिनक अफसर आज पूरे दिन उनके दौरे की व्यवस्थाओं में व्यस्त रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!