
ढाई लाख और जेवर लेकर मायके पहुंची पत्नी, लेने गए पति को मिली ‘ड्रम में पैक’ करने की धमकी!
* ससुराल में बढ़ा विवाद तो थाने पहुंचा पति, रुपये-जेवर वापस दिलाने और कार्रवाई की लगाई गुहार
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। कस्बे की जन्नत कॉलोनी में पति-पत्नी के विवाद ने ऐसा तूल पकड़ा कि मामला सीधे थाने तक पहुंच गया। पति ने पत्नी पर करीब ढाई लाख रुपये और जेवरात लेकर मायके चले जाने का आरोप लगाया है। पत्नी को वापस लेने पहुंचे पति का आरोप है कि वहां ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ बदसलूकी की और जान से मारकर ड्रम में पैक करने की धमकी तक दे डाली। कथित धमकी से घबराए पति ने कांधला थाने पहुंचकर पुलिस से कार्रवाई की गुहार लगाई।
जन्नत कॉलोनी निवासी फिरोज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी पत्नी घर के हिस्से में मिले करीब ढाई लाख रुपये और जेवरात लेकर अपने मायके चली गई। फिरोज के अनुसार, जब उसे इस बात की जानकारी हुई तो वह पत्नी को वापस लेने के लिए उसके मायके पहुंचा।
आरोप है कि पत्नी को साथ ले जाने की बात को लेकर वहां विवाद खड़ा हो गया। फिरोज का कहना है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ बदतमीजी की और धमकाना शुरू कर दिया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि उसे जान से मारने की धमकी देते हुए ड्रम में पैक करने तक की बात कही गई।
पत्नी को लेने गया था, शिकायत लेकर लौटा
फिरोज के मुताबिक, वह पत्नी को घर वापस लाने की उम्मीद लेकर ससुराल पहुंचा था, लेकिन वहां हुए विवाद के बाद उसे थाने का रुख करना पड़ा। पीड़ित ने कांधला पुलिस को शिकायत देकर पत्नी द्वारा ले जाए गए ढाई लाख रुपये और जेवरात वापस दिलाने तथा धमकी देने के आरोप में ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस पति द्वारा लगाए गए रुपये-जेवरात ले जाने और धमकी देने के आरोपों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।