शराब के नशे में गाली-गलौज पर बवाल, दो पक्ष भिड़े, पांच लोग लहूलुहान

 

सादिक सिद्दीक़ी

कांधला। थाना क्षेत्र के गांव नाला में शराब के नशे में गाली-गलौज करने का विरोध करना एक पक्ष को भारी पड़ गया। आरोप है कि विरोध के बाद दोनों पक्षों के बीच मारपीट हो गई, जिसमें एक पक्ष के पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार किया। घायल राजकुमार के अनुसार, वह अपने परिवार के साथ घर पर बैठा हुआ था। इसी दौरान उनका पड़ोसी शराब के नशे में उनके घर के बाहर पहुंच गया और गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि जब परिवार के लोगों ने गाली-गलौज का विरोध किया तो आरोपी पक्ष के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए और एक राय होकर मारपीट शुरू कर दी।

पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने लोहे की रॉड तथा लाठी-डंडों से हमला किया, जिसमें बबली, राजकुमार, उनकी पुत्री सीमा, विशाल कटरा का पुत्र संजू सहित पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को उपचार के लिए कांधला सीएचसी में भर्ती कराया गया है।

घटना के संबंध में पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। कांधला थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि पीड़ितों की ओर से मिली तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!