
बाइक चोरों के आगे बेबस नजर आ रही पुलिस! कांधला में लगातार वारदातें
कांधला में चोरों की ‘दौड़’ तेज, पुलिस की तलाश पीछे! घरों के सामने से फिर दो बाइक गायब, 10 दिन में पांच वारदातों से हड़कंप
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला । कस्बे और क्षेत्र में बाइक चोरी की घटनाओं ने ऐसा सिरदर्द बढ़ाया है कि वाहन मालिक घर के बाहर बाइक खड़ी करने से पहले कई बार सोचने लगे हैं। अज्ञात चोर लगातार बाइकों को निशाना बना रहे हैं और ताजा मामला गांव खंद्रावली का सामने आया है, जहां घरों के सामने खड़ी दो बाइक देखते ही देखते गायब हो गईं।गांव खंद्रावली निवासी मोनू कुमार और कविंद्र की बाइक उनके घर के सामने खड़ी थी। बताया गया कि मौका पाकर अज्ञात चोर दोनों बाइकों को चोरी कर फरार हो गए। बाइक गायब होने की जानकारी मिलते ही दोनों पीड़ितों के होश उड़ गए। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर बाइक बरामद कराने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।दस दिन में पांच बाइक चोरी! क्षेत्र में सामने आई घटनाओं का यह आंकड़ा लोगों की चिंता बढ़ाने वाला है। दो दिन पहले कस्बा निवासी आदिल और क्यूंम की बाइक चोरी होने की सूचना सामने आई थी। इससे पहले करीब दस दिन पूर्व आनंद हॉल के सामने कचौड़ी का ठेला लगाने वाले एजाज की बाइक भी चोरी हो गई थी।लगातार एक के बाद एक बाइक चोरी होने से लोगों में चर्चा है कि आखिर चोरों को इतनी आसानी से मौका कैसे मिल रहा है। घर के सामने खड़ी बाइक तक सुरक्षित नहीं रहने से वाहन स्वामियों में बेचैनी बढ़ती जा रही है।
अब पुलिस के सामने चुनौती है कि इन लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं की कड़ी जोड़कर आरोपियों तक कैसे पहुंचा जाए और चोरी हुई बाइकों को कब तक बरामद किया जाए। पीड़ितों और स्थानीय लोगों की निगाह पुलिस की कार्रवाई पर टिकी है।