
किताबों में पढ़ा लोकतंत्र, अब आंखों से देखा संसद भवन, 60 विद्यार्थियों का यादगार दिल्ली दौरा
* 60 विद्यार्थियों ने दिल्ली पहुंचकर लोकतंत्र के मंदिर से लेकर राष्ट्रीय धरोहरों तक की सैर, किताबों से निकलकर इतिहास को करीब से देखा
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला कस्बे के द गोल्ड पब्लिक स्कूल के करीब 60 विद्यार्थियों के लिए गुरुवार का दिन किसी यादगार पाठशाला से कम नहीं रहा। रोजाना किताबों में भारतीय लोकतंत्र, संविधान और देश के इतिहास को पढ़ने वाले छात्र-छात्राएं जब दिल्ली पहुंचे तो उन्हें इन विषयों को करीब से देखने और समझने का मौका मिला। विद्यार्थियों ने संसद भवन से लेकर राष्ट्रपति भवन तक का शैक्षणिक भ्रमण कर ज्ञान के साथ-साथ यादों की भी पूरी पोटली अपने साथ समेट ली।दिल्ली पहुंचने पर विद्यार्थियों ने संसद भवन का भ्रमण किया। यहां उन्होंने लोकसभा और राज्यसभा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कीं तथा सेंट्रल हॉल के ऐतिहासिक महत्व को समझा। संसद की भव्य इमारत और देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था से रूबरू होकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह दिखाई दिया। शिक्षकों ने उन्हें भारतीय संविधान, लोकतंत्र और संसद की भूमिका से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी भी दी।इसके बाद विद्यार्थियों का काफिला राष्ट्रपति भवन पहुंचा। राष्ट्रपति भवन की भव्य वास्तुकला और ऐतिहासिक विरासत ने बच्चों का ध्यान अपनी ओर खींचा। विद्यार्थियों ने भवन के इतिहास, स्थापत्य कला और उससे जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं के बारे में जानकारी हासिल की। कई छात्रों के लिए यह अनुभव किताबों में पढ़ी बातों को अपनी आंखों से देखने जैसा रहा।शैक्षणिक भ्रमण यहीं नहीं रुका। विद्यार्थियों ने जयपुर स्तंभ, इंडिया गेट और कर्तव्य पथ का भी भ्रमण किया। देश की ऐतिहासिक और राष्ट्रीय पहचान से जुड़े इन स्थलों को देखकर विद्यार्थियों में उत्साह नजर आया। बच्चों ने स्थलों के बारे में जानकारी हासिल करने के साथ ही इस पूरे भ्रमण को यादगार अनुभव बताया।विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखते हुए उन्हें भारतीय लोकतंत्र, संविधान, इतिहास और राष्ट्रीय धरोहरों की वास्तविक झलक दिखाना था। प्रबंधन के अनुसार ऐसे शैक्षणिक भ्रमण बच्चों के ज्ञान को व्यापक बनाने और उनमें देश के इतिहास व लोकतांत्रिक व्यवस्था को समझने की रुचि पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस दौरान विद्यालय प्रबंधक कृष्णपाल सिंह और प्रधानाचार्य अजय कुमार जैन समेत विद्यालय का स्टाफ विद्यार्थियों के साथ मौजूद रहा। विद्यालय परिवार ने इस शैक्षणिक भ्रमण को विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक और यादगार बताया।